भिवानी , सितंबर 24 -- हरियाणा में भिवानी शहर के जीतू वाला जोहड़ क्षेत्र स्थित शहीद मदनलाल ढींगड़ा सामुदायिक केंद्र पिछले सात वर्षों से बंद पड़ा है। मुख्य द्वार पर ताला लगा होने और देखरेख के अभाव में भवन की हालत जर्जर हो चुकी है। इसे लेकर पंजाबी समाज में रोष है।
अरोड़ा विकास मंच के राष्ट्रीय विस्तारक सुरेश अरोड़ा ने नगर परिषद प्रशासन से केंद्र की स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक केंद्र का निर्माण 20 जुलाई 2013 को कराया गया था। शुरुआती तीन वर्षों तक पंजाबी समाज के लोगों ने भवन की देखरेख और रखरखाव किया। बाद में नगर परिषद प्रशासन ने स्थानीय विरोध का हवाला देते हुए समाज से देखरेख की जिम्मेदारी वापस ले ली थी।
श्री अरोड़ा के अनुसार उस समय प्रशासन ने एक महीने के भीतर जिम्मेदारी दोबारा सौंपने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया, जो पिछले सात वर्षों से नहीं खुला है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद रहने और रखरखाव न होने के कारण भवन की हालत लगातार खराब हो रही है। पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों ने कई बार नगर परिषद के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के समक्ष केंद्र की देखरेख की जिम्मेदारी वापस सौंपने की मांग रखी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि शहीद मदनलाल ढींगड़ा महान स्वतंत्रता सेनानी थे और उनके नाम पर बने इस केंद्र से पंजाबी समाज की भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने नगर परिषद से केंद्र का जीर्णोद्धार करवाकर इसकी देखरेख व संचालन की जिम्मेदारी पंजाबी समाज को सौंपने की मांग की, ताकि भवन को दोबारा जनहित में उपयोग किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित