यमुनानगर , अक्टूबर 21 -- हरियाणा में यमुनानगर के शहीद भगत सिंह चौक पर नगर निगम ने सवा 10 फुट ऊंची नयी प्रतिमा स्थापित कर दी है। पहले लगाई गई प्रतिमा की ऊंचाई टेंडर की शर्तों के अनुसार नहीं थी, जिसके कारण उसे बदलना पड़ा।
दरअसल, चौक के नवीनीकरण का निर्णय करीब दो साल पहले लिया गया था। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने नाै जनवरी 2025 को चौक के नवीनीकरण का शिलान्यास किया था। इसके बाद पुरानी प्रतिमा हटाकर नई प्रतिमा लगाने के लिए स्ट्रक्चर भी तैयार किया गया।
टेंडर की शर्तों के अनुसार प्रतिमा की ऊंचाई सवा 10 फुट निर्धारित थी, लेकिन एजेंसी ने पांच फुट 11 इंच ऊंची प्रतिमा स्थापित कर दी। प्रतिमा छोटी होने पर पार्षदों ने सदन की बैठक में उसे बदलने और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।
मेयर सुमन बहमनी की सिफारिश पर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने एजेंसी की पेमेंट रोक दी और उसे निर्धारित ऊंचाई की नई प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए। जिसके बाद बुधवार को चौक पर सवा 10 फुट ऊंची नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई। जल्द ही इसका उद्घाटन कराया जाएगा।
मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि नई प्रतिमा स्थापित होने से चौक की भव्यता बढ़ेगी। निगम आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विकास कार्य तय मानकों और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहीद भगत सिंह देश की आन-बान और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थापित करवाना हमारी प्राथमिकता थी। अब चौक पर सवा 10 फुट ऊंची प्रतिमा लगने से चौक की भव्यता बढ़ेगी और शहीद भगत सिंह के प्रति सम्मान की भावना और सशक्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित