यमुनानगर , अक्टूबर 18 -- हरियाणा के युमनानगर में शहीद भगत सिंह चौक पर जल्द ही सवा 10 फुट ऊंची नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। नगर निगम द्वारा प्रतिमा तैयार करवा ली गई है। करीब 15.65 लाख रुपये की लागत से चौक का नवीनीकरण किया जा रहा है। प्रतिमा की ऊंचाई को लेकर विवाद के बाद निर्धारित मापदंड के अनुसार नई प्रतिमा तैयार करवाई गई है।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने आज कहा कि शहीद भगत सिंह चौक पर जल्द ही नई प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, इससे चौक की भव्यता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में निर्धारित शर्तों और मापदंडों का पालन जरूरी है। काम पूरा होने के बाद एजेंसी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि चौक के नवीनीकरण का निर्णय करीब दो साल पहले लिया गया था। पुरानी प्रतिमा हटाकर नई प्रतिमा लगाने के लिए स्ट्रक्चर तैयार किया गया था। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने 9 जनवरी 2025 को इस कार्य का शिलान्यास किया था।

टेंडर की शर्तों के अनुसार प्रतिमा की ऊंचाई सवा 10 फुट निर्धारित थी लेकिन एजेंसी ने 5 फुट 11 इंच ऊंची प्रतिमा स्थापित कर दी। पता चलने पर एजेंसी की पेमेंट रोक दी गई और निर्धारित ऊंचाई के अनुसार प्रतिमा तैयार करने के निर्देश दिए गए। एजेंसी द्वारा सवा 10 फुट ऊंची प्रतिमा बनवाई जा रही है, जिसे जल्द ही चौक पर स्थापित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित