रामगढ़ , अगस्त 08 -- झारखंड के रामगढ़ जिला में पीटीपीएस शहीद निर्मल महतो स्मारक परिसर में शनिवार को झारखंड के वीर सपूत एवं अमर शहीद निर्मल महतो का 39वां शहादत दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की ओर से सामुदायिक विकास कार्य के तहत स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने अन्य अतिथियों के साथ स्मारक परिसर में लोकार्पण किया। इसके बाद परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों का चंदन लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। उपस्थित अतिथियों एवं लोगों ने शहीद निर्मल महतो के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मौके पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि अमर शहीद निर्मल महतो झारखंड की अस्मिता, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करने वाले महान जननेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखंड और समाज के हितों के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने के लिए उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाजहित में कार्य करना होगा। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पीवीयूएनएल के सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत किए गए सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का उद्देश्य स्मारक परिसर को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनोपयोगी स्वरूप प्रदान करना है। साथ ही इस पहल के जरिए क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सामाजिक विरासत के संरक्षण में भी योगदान दिया गया है।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राधेश्याम अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि राजाराम प्रजापति, पीवीयूएनएल के सीजीएम (ओएंडएम) मनीष खेतरपाल, जीएम (प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन) बीडी दास, एचओएचआर जियाउर रहमान, एजीएम (सिविल कंस्ट्रक्शन) शिरीष कुमार बरकुल, डीजीएम (सिविल कंस्ट्रक्शन) अमित रंजन सहित पीवीयूएनएल के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित