लखनऊ , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक 'संघर्ष' का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी पत्नी मुनेश देवी को नगद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराने में अदम्य साहस का परिचय दिया था।
मुठभेड़ के दौरान कर्तव्य का निर्वहन करते हुए वह वीरगति को प्राप्त हुए थे। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी। समारोह में गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित वीरता पदक से सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के आरक्षी देवदत्त सिंह, राजन कुमार और रितुल कुमार वर्मा, नवमी वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक निपुण अग्रवाल, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह, मेरठ के उपनिरीक्षक मुन्ने सिंह, गाजियाबाद कमिश्नरेट के आरक्षी नीरज कुमार पाल, हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, संभल के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप कुमार, शाहजहांपुर के निरीक्षक गीतेश कपिल, सहारनपुर के आरक्षी प्रवीण अहलावत, एसटीएफ के निरीक्षक अमित और उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, लखनऊ कमिश्नरेट की पुलिस उपायुक्त डॉ. दीक्षा शर्मा, गाजियाबाद कमिश्नरेट के आरक्षी संदीप कुमार तथा निरीक्षक रिपुदमन सिंह शामिल रहे।
वहीं, गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित वीरता पदक पाने वालों में बुलंदशहर के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, एसटीएफ के उपनिरीक्षक केशव शांडिल्य, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, मथुरा के उपनिरीक्षक अजय कुमार वर्मा, एसटीएफ के निरीक्षक घनश्याम यादव, मैनपुरी के उपनिरीक्षक अवनीश कुमार त्यागी, एसटीएफ के आरक्षी अमित त्रिपाठी और निरीक्षक अमित, गाजियाबाद कमिश्नरेट के निरीक्षक मनीष बिष्ट तथा मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की वीरता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पुलिस बल के उन सभी जवानों को नमन किया, जो कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित