हरिद्वार , अक्टूबर, 21 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में विगत एक वर्ष में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। शहीद जवानों के नामों का स्मरण करते हुए अधिकारियों ने पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी सिंह द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने क्रमवार पुष्पचक्र और फूल अर्पित कर देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान सेरेमोनियल गार्द ने शोक सलामी दी, जबकि उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों के बलिदान को नमन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित