लखनऊ , मार्च 23 -- आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश की छात्र विंग ने सोमवार को शहीद दिवस पर प्रदेशभर में शिक्षा और युवाओं के मुद्दों को लेकर अभियान की शुरुआत की। लखनऊ में इसकी शुरुआत लखनऊ विश्वविद्यालय से की गई, जहां छात्र-युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को भगत सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से जोड़ना है, ताकि समाज में शिक्षा, समानता और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन गांव-गांव और शहर-शहर जाकर संवाद और जनसंपर्क के जरिए शिक्षा की अलख जगाएगा।

अनित रावत ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार और समान अवसर जैसे मूल मुद्दों से भटका रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में लोकतांत्रिक माहौल को कमजोर करने और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिशें हो रही हैं, जो चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और अवसरों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में भगत सिंह के क्रांतिकारी विचार और बाबा साहब के सामाजिक न्याय के सिद्धांत ही युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित