लखनऊ , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय मंगलवार को सुलतानपुर पहुंचे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए एसएसबी के जवान सूबेदार आनंद प्रकाश तिवारी के पैतृक गांव नेवरा खादर, बसंतपुर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्रद्धांजलि दी।
श्री राय ने कुड़वार थाना क्षेत्र स्थित शहीद जवान के गांव पहुंचकर उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने देश की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवान को नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव याद किया जाएगा।
उन्होने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित