आलिराजपुर , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर आलिराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर (भाभरा) पहुंचकर उनकी जन्मस्थली पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने जिले के लिए 341 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम से विलंब से अपराह्न लगभग चार बजे चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले शहीद चंद्रशेखर आजाद की कुटिया पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आजाद उद्यान में स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर "चंद्रशेखर आजाद अमर रहें" के नारे लगाए।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किसान सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के विकास और उनकी समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों को समय पर खाद, बीज तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आलिराजपुर जिले में लगभग 287.32 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन तथा करीब 54 करोड़ रुपये लागत के पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में विद्युत उपकेंद्र, विद्यालय भवन, आंगनवाड़ी भवन, पंचायत भवन, अटल सेवा केंद्र, पुलिया, स्टॉप डेम, निस्तार तालाब तथा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों से संवाद किया, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया तथा विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया।

चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, पूर्व विधायक माधोसिंह डाबर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इंदौर से सड़क मार्ग द्वारा भाभरा जाते समय मुख्यमंत्री का काफिला झाबुआ से भी होकर गुजरा, जहां उन्होंने स्थानीय पर्यटन मोटल में आदिवासी व्यंजन दाल-पानिये का स्वाद लिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू किए जाने पर उन्हें बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित