सुनाम ऊधम सिंह वाला , जुलाई 31 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस पर शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का अद्वितीय देशप्रेम और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने समारोह से पहले शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेकर देशवासियों के स्वाभिमान की रक्षा की और ब्रिटिश शासन के अत्याचारों का मुंहतोड़ जवाब दिया। श्री मान ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता संग्राम की गाथा अनगिनत वीर सपूतों के बलिदानों से भरी हुई है, जिन्होंने देश को आजाद कराने और कमजोर तथा वंचित वर्गों के कल्याण पर आधारित समाज की स्थापना के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिये। उन्होंने कहा कि आज का दिन उस महान क्रांतिकारी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिसने देश के सम्मान के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए जिम्मेदार तत्कालीन पंजाब के लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ'ड्वायर को लंदन के कैक्सटन हॉल में मौत के घाट उतारकर शहीद ऊधम सिंह ने निर्दोष भारतीयों के साथ हुए अत्याचार का न्याय किया। उनका यह साहसिक कदम भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने कहा कि सुनाम स्थित शहीद ऊधम सिंह स्मारक देश-विदेश से आने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र है। शहीद ऊधम सिंह का बलिदान युवाओं को राष्ट्रहित में निस्वार्थ सेवा और देशभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा तथा देश हमेशा इस महान शहीद का ऋणी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित