भिवानी , अक्टूबर 26 -- भिवानी जर्नलिस्ट क्लब भिवानी दीपावली पर 'एक दीया शहीदों के नाम' अभियान का विस्तार करते हुए विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ेगा।
क्लब के प्रधान ईश्वर धामु ने बताया कि संगठन पिछले आठ वर्षों से शहीदों की स्मृति में दीप जलाता आ रहा है। पिछले तीन वर्षों में आम लोगों और विदेशों में रहने वाले भारतीयों का भी अभियान को समर्थन मिला है। पिछले साल 200 से अधिक प्रवासी भारतीयों ने इस पहल में भाग लिया था।
उन्होंने बताया कि इस बार स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है। शिक्षण संस्थानों से संपर्क करने पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। स्कूलों की सुबह की प्रार्थना सभाओं में क्लब के पदाधिकारी विद्यार्थियों को शहीदों के सम्मान में दीया जलाने की शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा और शहर के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाए जाएंगे।
श्री धामु ने कहा कि देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देना राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। यह अभियान क्लब के सचिव मुकेश वत्स के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। दीपावली की पूर्व संध्या पर क्लब के सदस्य नेहरू पार्क स्थित शहीदी स्मारक पर दीप जलाकर शहीदों को नमन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित