बैतूल , अगस्त 12 -- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वीर शहीदों की स्मृति में चलाए जा रहे 'रक्तांजलि' अभियान के तहत 13 अगस्त को बैतूल के जेएच कॉलेज ऑडिटोरियम में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जिलेवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।

कलेक्टर ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है और शहीदों के प्रति यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रक्तदान कर देश के वीर सपूतों के अमूल्य बलिदान को नमन किया जा सकता है।

उन्होंने सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, समाजसेवियों, युवाओं और आम नागरिकों से 'रक्तांजलि' अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोग स्वयं रक्तदान करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करें।

कलेक्टर ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी मरीज के लिए जीवन-मरण का विषय बन सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। शहीदों की स्मृति में आयोजित इस अभियान में जिलेवासियों की भागीदारी उनके प्रति कृतज्ञता, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सच्ची अभिव्यक्ति होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित