चंडीगढ़ , मई 31 -- केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह ने रविवार को रेवाड़ी जिले के खण्डोडा गांव में अमर शहीद अरुण कुमार यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने गांव के विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
श्री सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि अरुण कुमार यादव सिक्किम में प्राकृतिक आपदा के दौरान लोगों और साथियों को बचाने का प्रयास करते हुए चार अक्टूबर 2023 को शहीद हो गए थे। उनकी वीरता और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें सेना द्वारा कई सम्मान भी प्रदान किए गए थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के युवा हमेशा देश की सुरक्षा में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने सैनिकों की माताओं और परिवारों की भी सराहना की, जिन्होंने अपने बेटों को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम में उन्होंने शहीद के परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय का नाम शहीद के नाम पर रखने और अन्य विकास कार्यों की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री ने मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित