लखीसराय , सितंबर 21 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार लखीसराय शहर में प्रतिदिन उत्पन्न हो रही जाम की समस्या के निदान एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से सोमवार को रेलवे परिसर, मुख्य बाजार एवं शहर की प्रमुख सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि के नेतृत्व में डीएसपी ट्रैफिक अजय कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात कुमार, नगर परिषद लखीसराय एवं एमवीआई प्रतीक कुमार सहित संबंधित पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थलों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जाम के प्रमुख कारणों, वाहनों के आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया गया। साथ ही, जाम की समस्या के प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिये आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि शहरवासियों को प्रतिदिन होने वाली जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से हर संभव प्रयास किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजनों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित