अलवर , जून 08 -- राजस्थान में अलवर शहर में बढ़ते यातायात दबाव और लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए सोमवार शाम को नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) के संयुक्त दल ने बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

निगम के सूत्रों ने बताया कि अभियान की निगरानी स्वयं नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने मौके पर पहुंचकर की। पुलिस बल, जेसीबी मशीनें, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य संसाधनों के साथ दल ने नंगली सर्किल क्षेत्र से अभियान की शुरुआत की।

शहर के सबसे व्यस्त और यातायात प्रभावित क्षेत्रों में शामिल नगली सर्किल पर कार्रवाई के दौरान पार्किंग स्थल और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। दल ने तीजा और उसके समीप स्थित एक फास्ट फूड सेंटर द्वारा पार्किंग क्षेत्र में बनाई गई दीवारों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया और लगाए गए लोहे के एंगल भी हटवा दिए।

अतिक्रमण हटाने की सूचना मिलते ही आसपास के कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नंगली सर्किल से आगे के मार्ग पर नालों और पटरी पर कब्जा करके बैठे कई दुकानदार अपना सामान समेटते दिखाई दिए। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों के संचालक दस्तावेज लेकर अधिकारियों के सामने पहुंचे और विरोध जताया, लेकिन निगम अधिकारियों ने संबंधित नक्शे और स्वीकृत लेआउट प्रस्तुत करने को कहा। मौके पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर अधिकारियों ने कार्रवाई जारी रखी।

संयुक्त दल ने नंगली सर्किल से भगत सिंह चौराहे तक सड़क किनारे, नालों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की। पूरे अभियान के दौरान पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि, सड़क, नालों और पार्किंग स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित