दरभंगा , जुलाई 24 -- बिहार में दरभंगा के जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जला रड्डी के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने फ्लैग मार्च किया।फ्लैग मार्च के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस बल की तैनाती का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयासों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली थाना तथा बेंता थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए दोनों अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस बल को सतर्क एवं सक्रिय रहते हुए किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित ढंग से निपटने के निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को देने की अपील की।
संयुक्त फ्लैग मार्च एवं निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित