रांची , मार्च 08 -- झारखंड में हाल ही में संपन्न हुए शहरी निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करने के लिए रविवार को रांची में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगमों के मेयर, नगर परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्षों के साथ बड़ी संख्या में वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की उपस्थिति में कांके के बोड़ेया स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में राज्य के तीन नगर निगम क्षेत्रों रांची, मेदिनीनगर और आदित्यपुर के मेयरों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नगर परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्षों तथा वार्ड पार्षदों को भी पार्टी की ओर से सम्मान दिया गया।

कार्यक्रम में कुल पांच मेयरों को सम्मानित किया जाना था, लेकिन केवल तीन ही मेयर समारोह में शामिल हुए। धनबाद के मेयर संजीव सिंह और हजारीबाग के मेयर अरविंद राणा कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। दोनों नेताओं ने पार्टी का समर्थन नहीं मिलने के बाद बागी होकर चुनाव लड़ा था और स्वतंत्र रूप से मेयर पद पर जीत दर्ज की थी। हालांकि बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि धनबाद के मेयर और पूर्व विधायक संजीव सिंह को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था, क्योंकि उन्होंने पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था और शो-कॉज नोटिस का जवाब भी नहीं दिया था।

समारोह में सबसे पहले मेयरों को सम्मानित किया गया, इसके बाद नगर परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्षों को और अंत में वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया। भाजपा का दावा है कि निकाय चुनाव में पार्टी से जुड़े करीब 400 कार्यकर्ता वार्ड पार्षद बने हैं, जिनमंि से 380 से अधिक इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

सम्मान समारोह के बाद भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों की एक रणनीतिक बैठक भी आयोजित की गई। इसके बाद कोडरमा समेत कई जिलों के विभिन्न दलों के कई नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सी.पी. सिंह, नवीन जायसवाल, कांके के पूर्व विधायक समरी लाल, विधायक उज्ज्वल दास, शोभा यादव और राकेश प्रसाद सहित कई नेता मौजूद रहे।

भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि प्रशासन और सरकार की ओर से तमाम बाधाओं के बावजूद कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाई। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों पर भरोसा जताया है, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद तीन नगर निगमों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत पार्टी की ताकत को दर्शाती है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में महिलाएं जीतकर आई हैं, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा संकेत है। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में भाजपा के 387 प्रत्याशी जीतकर आए हैं और राज्य में सबसे अधिक जीत हासिल करने वाली पार्टी भाजपा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित