तेहरान , मार्च 11 -- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने अमेरिका-इज़रायल के हमलों और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की है।

ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार टेलीफोन वार्ता के दौरान श्री पेज़ेशकियान ने कहा कि ईरान ने अमेरिका के साथ विवाद सुलझाने के लिए गंभीरता से वार्ता शुरू की थी, लेकिन बातचीत के दौरान ही उस पर अमेरिका-इज़रायल का हमला हुआ।

उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्र के देशों के साथ संघर्ष नहीं चाहता और केवल उन ठिकानों को निशाना बनाएगा जहां से उसके खिलाफ हमले किए जाते हैं, जिसे उन्होंने आत्मरक्षा का वैध अधिकार बताया है।श्री पेज़ेशकियान ने चेतावनी दी कि यदि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ईरान पर थोपे गए युद्ध और सैन्य हमलों के कारणों का समाधान नहीं करता है तो वैश्विक सुरक्षा अस्थिर हो सकती है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने अमेरिका और इज़रायल की कार्रवाई की निंदा करते हुए ईरान की सरकार और जनता के साथ एकजुटता व्यक्त की।उन्होंने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके पुत्र मोजतबा खामेनेई के नए सर्वोच्च नेता नियुक्त होने पर बधाई दी।

श्री शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान ईरान के साथ संबंध मजबूत करने और पश्चिम एशिया में मुस्लिम देशों के बीच सहयोग बढ़ाने में रुचि रखता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित