भोपाल , सितंबर 27 -- भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जनसुविधा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के जबलपुर-हिरन नदी सेक्शन स्थित शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे से टोल प्लाजा की सभी लेन, जिसमें ईटीसी लेन भी शामिल हैं, टोल-मुक्त रहेंगी।

एनएचएआई के अनुसार टोल वसूली स्थगित रहने की अवधि में किसी भी श्रेणी के वाहन से उपयोगकर्ता शुल्क नहीं लिया जाएगा। शहपुरा आरओबी के एप्रोच के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है।

वर्तमान में मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपीआरडीसी) द्वारा आरओबी के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। पुनर्निर्माण से संबंधित आवश्यक संरचनात्मक एवं सिविल कार्य प्रगति पर हैं। वर्तमान यातायात व्यवस्था के कारण सड़क उपयोगकर्ताओं को हो रही असुविधा को देखते हुए टोल वसूली अस्थायी रूप से स्थगित की गई है।

टोल वसूली स्थगित रहने के दौरान भी शहपुरा टोल प्लाजा पर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, ईटीसी, एएनपीआर, डब्ल्यूआईएम, साइनेज और अन्य आवश्यक परिसंपत्तियों का रखरखाव जारी रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के लिए टोल प्लाजा पर यातायात का सुचारु एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

एनएचएआई के अनुसार आरओबी के एप्रोच का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने तथा आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी कर सामान्य यातायात बहाल होने के बाद टोल वसूली पुनः शुरू करने संबंधी निर्णय नियमानुसार लिया जाएगा। एनएचएआई ने कहा कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित