मुंबई , जुलाई 15 -- शहनाज़ गिल और जय रंधावा अभिनीत पंजाबी पीरियड रोमांस फिल्म 'इश्कनामा' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। अरविंदर एस. खैरा निर्देशित यह फिल्म भारत-पाकिस्तान सीमा पर जन्मी एक अनोखी प्रेम कहानी को दर्शाती है।
प्रशंसित पुस्तक 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' से प्रेरित और निम्मा तथा नसीमा की सच्ची कहानी पर आधारित 'इश्कनामा' की कहानी वर्ष 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा से जुड़े पंजाब के इलाके में घटित होती है। फिल्म एक युवा भारतीय सिख शायर निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा के प्रेम को दर्शाती है, जो बंटवारे के घावों और सरहदों की बंदिशों के बावजूद जीवित रहता है।
शहनाज़ गिल ने कहा, "नसीमा का किरदार निभाना मेरे लिए एक कलाकार के रूप में पुनर्जन्म जैसा अनुभव रहा। यह भूमिका मुझे मेरी सीमाओं से बाहर ले गई। 'इश्कनामा' एक भव्य और क्लासिक प्रेम कहानी है, जिसमें प्यार एक क्रांति की तरह सामने आता है।"जय रंधावा ने कहा, "यह फिल्म सिर्फ प्रेम कहानी नहीं, बल्कि त्याग, इंतजार, किस्मत और जिंदगी बदल देने वाले फैसलों की कहानी है। निम्मा का किरदार निभाना मेरे लिए दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करने जैसा है, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया।"निर्देशक अरविंदर एस. खैरा ने कहा कि 'इश्कनामा' निम्मा और नसीमा की सच्ची दास्तान है, जिनकी मोहब्बत ने इतिहास को चुनौती दी।
अरविंदर एस. खैरा के निर्देशन में बनी और सौरभ राणा द्वारा निर्मित इस फिल्म में जय रंधावा, शहनाज़ गिल, सौरभ सचदेवा और कई अन्य कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत बी प्राक ने तैयार किया है और गीत जानी ने लिखे हैं। 'इश्कनामा' 24 जुलाई को भारत, कनाडा, ब्रिटेन सहित दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित