इंदौर , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयादशमी पर इंदौर पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में कहा कि शस्त्र-पूजन भारतीय सनातन संस्कृति, शौर्य, शक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। शस्त्र धारण करना केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि नागरिकों की रक्षा और व्यवस्था बनाए रखने का दायित्व भी है।
मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तलवार, भाला, एके-47 सहित अन्य अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया। उन्होंने मां कालका की आराधना के साथ पुलिस वाहन, अश्वों और शस्त्रागार का पूजन-अवलोकन किया। इस दौरान कन्या पाद पूजन भी किया गया और महिला पुलिस दल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
डॉ. यादव ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देती है। सरकार सामाजिक संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए सभी त्योहारों में सहभागी बन रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल नागरिकों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे कार्य करता है और उसके समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस के नवाचारों की सराहना करते हुए पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने और ड्यूटी अधिकारियों की जानकारी प्राप्त कर उनसे संपर्क कर सकेंगे। उन्होंने यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराए गए 51 दोपहिया वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई। ये वाहन होंडा इंडिया फाउंडेशन की सहायता से उपलब्ध कराए गए हैं। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता पोस्टर का विमोचन और नशामुक्ति अभियान पर तैयार लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
डॉ. यादव ने बताया कि पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है और विभिन्न विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने अगले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से युवाओं के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने की बात भी कही। उन्होंने प्रदेश के जिलों में पुलिस बैंड विकसित करने की पहल का उल्लेख करते हुए इसके लिए 750 पदों पर भर्ती किए जाने की जानकारी दी।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1,721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है, जबकि प्रदेश में पुलिस विभाग में 27,500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग तथा सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित