मुंबई , जुलाई 15 -- फिल्म 'ऐल्फा' के चर्चित गीत 'शैम्पेन' में अभिनेत्री शर्वरी की प्रस्तुति की दर्शकों के साथ-साथ कोरियोग्राफर विजय गांगुली ने भी जमकर सराहना की है। विजय का कहना है कि शर्वरी ने इस गाने के लिए असाधारण मेहनत की और शूटिंग के दौरान कोरियोग्राफी को बेहद सहजता से निभाया।

विजय गांगुली ने इससे पहले शर्वरी के साथ लोकप्रिय गीत 'तरस' में काम किया था। उन्होंने कहा कि एक परफॉर्मर के रूप में शर्वरी काफी परिपक्व हुई हैं। उन्होंने बताया कि 'तरस' के दौरान समय की कमी के बावजूद शर्वरी ने अपने भाव-भंगिमा, ग्रेस और डांस से प्रभावित किया था।

विजय ने कहा, "'शैम्पेन' और 'तरस' दोनों पूरी तरह अलग तरह के गाने हैं। हमने शर्वरी से कहा था कि इस गाने के लिए काफी रिहर्सल करनी होगी, लेकिन उन्होंने स्टेप्स इतनी जल्दी सीख लिए कि मुझे उनसे कहना पड़ा कि अब रिहर्सल बंद कर दो। वह हर स्टेप और हर एक्सप्रेशन को परफेक्ट बनाने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं।"उन्होंने कहा कि शर्वरी की तैयारी का असर शूटिंग के दौरान साफ नजर आया। कैमरा शुरू होते ही वह पूरी तरह तैयार थीं और कोरियोग्राफी को "बटर की तरह" सहजता से कर रही थीं। उन्होंने कहा कि एक चुनौतीपूर्ण लॉन्ग-टेक सीक्वेंस भी उम्मीद से कहीं जल्दी पूरा हो गया, क्योंकि शर्वरी ने शानदार तैयारी की थी।

शर्वरी की प्रशंसा करते हुए विजय ने कहा, "'तरस' से 'शैम्पेन' तक उनका सफर शानदार रहा है। उन्होंने इस गाने को अपना 100 प्रतिशत दिया है। उनकी ऊर्जा, सटीकता, लुक और परफॉर्मेंस सभी बेहतरीन हैं। हर बार उनके साथ काम करना नए अनुभव जैसा लगता है और उनका भविष्य बेहद उज्ज्वल है।"फिल्म 'ऐल्फा' का गीत 'शैम्पेन' इन दिनों दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है और इसमें शर्वरी के डांस तथा स्क्रीन प्रेजेंस को खूब सराहा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित