अलवर , सितंबर 06 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को अलवर का दौरा करेंगे। श्री शर्मा हेलीकॉप्टर से अलवर के केंद्रीय विद्यालय मैदान पहुंचेंगे। इसके बाद वह पूर्वह्न करीब 11 बजे जगन्नाथ मंदिर से रोड शो की शुरुआत करेंगे। रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मन्नी का बड़ तक पहुंचेगा।
करीब एक घंटे तक चलने वाले इस रोड शो को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री के स्वागत और रोड शो को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर निकाय चुनाव के प्रत्याशियों को बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है।
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री करीब साढ़े 12 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी प्रमुख समिति कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में अलवर जिले में होने वाले नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, चुनावी रणनीति और संगठन की स्थिति को लेकर समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के साथ ही चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से भरतपुर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के रोड शो को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में रोड शो में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि रोड शो के जरिए भाजपा नगर निकाय चुनाव के बीच शहर में अपना शक्ति प्रदर्शन भी करेगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित