अलवर , फरवरी 16 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने सोमवार को अपने 57वें जन्मदिन की शुरुआत अलवर की मुगसका नर्सरी में पौधारोपण करके की।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का स्वागत करके शुभकामनाएं दीं। पौधारोपण कार्यक्रम में श्री शर्मा ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर प्रकृति से जुड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश 'एक पेड़ मां के नाम' का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिवस या किसी भी सामाजिक कार्यक्रम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाये रखने में मदद मिलेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य मिलेगा।

श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करें, ताकि वे वृक्ष बनकर समाज को दीर्घकालिक लाभ दे सकें। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित