लखनऊ , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनसुनवाई में बिजली और नगर विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने बिजली बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर स्थापना, पेयजल, सीवर, सफाई और अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के निदेशक (वाणिज्य) ध्यान मथाई और निदेशक (तकनीकी) जी.डी. द्विवेदी भी उपस्थित रहे।

मंत्री ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को बिजली संबंधी शिकायतों की मौके पर जांच कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित