कोंडागांव , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल स्थित टाटामारी पर्यटन स्थल पर शराब पीने से रोकने पर वन चौकीदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार चारामा थाना क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोग टाटामारी पर्यटन स्थल पर शराब पी रहे थे। वहां तैनात वन चौकीदार ने उन्हें शराब पीने से रोका तो आरोपियों ने कथित तौर पर एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने से चौकीदार के सिर और चेहरे पर चोट आई।
घटना की शिकायत पर केशकाल थाने में अपराध क्रमांक 133/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को पकड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित