अलवर , जुलाई 19 -- राजस्थान में अरावली विहार थाना क्षेत्र में अलवर-जयपुर मार्ग पर जयंती फार्म के सामने दौलत नगर में प्रस्तावित शराब ठेके खोले जाने के विरोध में रविवार को स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर बैठकर करीब दो घंटे तक यातायात रोक दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराह्न साढ़े चार बजे से शाम साढ़े छह बजे तक रास्ता रुकने से अलवर-जयपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। महिलाओं का आरोप है कि दौलत नगर जैसी आवासीय कॉलोनी में शराब की अवैध दुकान खोली जा रही है, जबकि ठेकेदार इसे केवल गोदाम बता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम की आड़ में शराब की बिक्री की जाती है। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग पर भी कार्रवाई नहीं करने और मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाये।

महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी के पास मंदिर है और महिलाओं एवं छात्राओं का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में यहां शराब की दुकान या शाखा खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा। उन्होंने कहा कि कई बार ठेकेदार और मकान मालिक से विरोध दर्ज कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित