चेन्नई , जुलाई 29 -- तमिलनाडु में सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी निदेशालय ने राज्य संचालित मदिरा कंपनी 'टैसमैक' के लिए हुयी खरीद में हुई कथित अनियमितताओं के संबंध में बुधवार को औपचारिक जांच शुरू कर दी। इस सिलसिले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी के आवासों सहित राज्य भर में 41 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

निदेशालय ने पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी, टैसमैक के पूर्व प्रबंध निदेशक एस. विशाकन, कई अन्य व्यक्तियों और मदिरा आपूर्ति करने वाली डिस्टिलरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की। यहां कड़ी सुरक्षा और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच 14 स्थानों के अलावा करूर, पुदुकोट्टई, कोयंबटूर और तिरुवारूर जिलों में पूर्व मंत्री से जुड़े परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी सरकारी दुकानों को दी जाने वाली शराब की खरीद में कथित अनियमितताओं और धन के अवैध लेन-देन से जुड़ी है। करूर में सतर्कता अधिकारियों ने छह स्थानों पर तलाशी ली। इनमें सेंथिल बालाजी का पैतृक आवास और उनके सहयोगियों के परिसर शामिल हैं। वहीं चेन्नई में शराब से जुड़े प्रतिष्ठानों और उस होटल के कमरे में भी छापेमारी की गई जहां पूर्व मंत्री ठहरे हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित