फिरोजाबाद , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ क्षेत्र के नगला गुलरिया में निर्माणाधीन मकान से रविवार को नग्न अवस्था में मिले युवक के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में युवक के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर ईंटों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने मृतक की पहचान कमल (20) निवासी नगला केसरी, थाना एत्मादपुर, आगरा के रूप में की। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि परिजनों से पूछताछ और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी के बारे में सुराग मिला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार रात आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार इस दौरान आरोपी आकाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, कपड़े, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए लोडर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कमल अपनी ननिहाल हलपुरा गांव जा रहा था। देर रात होने के कारण उसने आकाश से लिफ्ट मांगी थी। आकाश ने उसे अपने गांव तक पहुंचाने के लिए लोडर में बैठा लिया। कमल ने लोडर से जाने की जानकारी फोन के जरिए अपने परिजनों को दे दी थी। पुलिस के अनुसार यही जानकारी आरोपी तक पहुंचने में महत्वपूर्ण साबित हुई।

पुलिस के मुताबिक आकाश और कमल ने पहले शराब पी थी। इसके बाद आरोपी कमल को एक खाली निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां उसने उसके कपड़े उतारकर दुष्कर्म का प्रयास किया। कमल ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने शराब के नशे में ईंटों से उसके गुप्तांगों पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के उपचार के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित