देहरादून , मई 28 -- उत्तराखंड के देहरादून जिला में एक यात्री बस का चालक गुरुवार को पुलिस की जांच में शराब के नशे में मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि बस को जब्त कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज कोतवाली विकासनगर के हरबर्टपुर बस स्टैंड पर एक यात्री वाहन टैम्पो टैवलर को विकासनगर पुलिस द्वारा रोककर जांच किया तो वाहन चालक नशे में प्रतीत हो रहा था। जिस पर पुलिस द्वारा वाहन चालक का एल्कोमीटर से श्वांस परीक्षण किया गया, जिसमें वाहन चालक द्वारा मानकों से अधिक शराब के सेवन किये जाने की पुष्टि हुई। जिसके पश्चात वाहन चालक कुलदीप सिंह पुत्र लखमेर सिंह निवासी हरिपुर तोंगिया थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही, वाहन को जब्त किया गया। इसके बाद वाहन के यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को चारधाम के लिए रवाना किया गया।

उल्लेखनीय है कि चालक अपने वाहन से राजस्थान के 20 यात्रियों, जिनमें 11 महिला तथा नौ पुरुष को लेकर हरिद्वार से चारधाम के लिए रवाना हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित