सितारगंज , अगस्त 07 -- उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शराब के नशे में फायरिंग और हंगामा करने वाले एक व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो बंदूकें और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल 112 पर सूचना मिली कि तिगड़ी फार्म, सरकड़ा क्षेत्र निवासी मनदीप सिंह (47) शराब के नशे में अपने घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा है और उसने बंदूक से फायरिंग भी की है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी अपने घर की गैलरी से एक नाली और दो नाली बंदूक तथा कारतूस बेल्ट लेकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस ने तत्काल पीछा कर करीब एक किलोमीटर दूर खेतों से उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर की एक नाली बंदूक, एक .315 बोर की दो नाली बंदूक तथा कारतूस बेल्ट में लगे आठ जिंदा 12 बोर कारतूस बरामद किए गए।

इस मामले में कोतवाली सितारगंज मे आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ख)(क) में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित