सोनीपत , जून 23 -- हरियाणा के खरखोदा उपमंडल के थाना कलां गांव में के एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटनास्थल से खून से सनी एक लाठी भी बरामद हुई है। ग्रामीणों ने मृतक के पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही खरखोदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भेज दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक के पुत्र ब्रह्म दास को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार ब्रह्म दास लंबे समय से शराब और नशे का आदी था, तथा उसका व्यवहार अक्सर विवादित रहता था। बताया जा रहा है कि वह करीब एक माह पहले नशामुक्ति केंद्र से उपचार करवाकर घर लौटा था। घटना के बाद उसके घर से गायब हो जाने के कारण ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया।
जानकारी के अनुसार थाना कलां गांव निवासी बुजुर्ग सरदार का शव घर के भीतर पड़ा मिला। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गये। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। बरामद सामग्री को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खरखोदा थाना प्रभारी पवन मलिक ने बताया कि ग्रामीणों के बयानों और प्रारंभिक जांच के आधार पर मृतक के पुत्र ब्रह्म दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित