श्रीगंगानगर , मई 16 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के खुइयां थाना क्षेत्र में गोरखाना गांव में शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सुभाष नायक (35) गांव के वार्ड नंबर 10 में एक पुराने खंडहरनुमा मकान में अकेला रहता था। सुभाष अत्यधिक शराब पीने का आदी था और उसके यहां शराब पीने वाले दोस्तों का अक्सर आना-जाना लगा रहता था।शुक्रवार को देर शाम जब सुभाष की बुजुर्ग मां अपने बेटे को देखने आईं तो उसे सुभाष मृत मिला।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद थाना प्रभारी ने बताया कि उसके घर बलवंत और राजेश आये जो शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान पव्वे को लेकर उनमें झगड़ा हुआ, जिसमें दोनों आरोपियों ने लाठियों-डंडों से सुभाष को बुरी तरह पीटा। इससे सुभाष गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आरोपी वहां से भाग निकले और किसी ने सुभाष अस्पताल नहीं पहुंचाया, क्योंकि उसके मकान में कोई आता जाता नहीं था,जिससे उसकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित