पन्ना , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आबकारी विभाग की टीम ने एक पूर्व शिक्षक को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी अरविन्द सिंह (45 वर्ष), निवासी पवई, के पास से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई है।
आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम शिकारपुरा में जंगल सफारी ढाबा में आरोपी को अवैध रूप से शराब भंडारण और बिक्री करते हुए पकड़ा गया। ढाबे की तलाशी में 353 पाव देशी मदिरा, कुल 63.54 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी के पास शराब बेचने का कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं था, जिसके आधार पर उसे मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मौके पर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कोविड काल से पहले वह गुजरात में शिक्षक था, लेकिन शराब की लत के कारण नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद गुजरात में होजरी का व्यवसाय शुरू किया, लेकिन शराब की लत ने उसे आर्थिक रूप से नुकसान पहुँचाया और लाखों रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अवैध शराब का कारोबार शुरू किया, जो लॉकडाउन के दौरान ठप्प हो गया। इसके बाद वह अपने गृहनगर पवई वापस आ गया और कटनी एवं दमोह से अवैध शराब लाकर पवई और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित