बागेश्वर , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के शामा क्षेत्र में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन रविवार को प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शामा के क्षेत्रीय ग्रामीण 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें से अधिकांश मांगों पर पहले ही प्रशासन के साथ सहमति बन चुकी है जबकि शामा स्थित शराब की दुकान को हटाने का प्रमुख मुद्दा लंबित था।

आज इस विषय पर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि बातचीत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने आश्वासन दिया कि शराब की दुकान से संबंधित मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से धरना प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित