अलवर , मार्च 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला ने पति की प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि छतरपुर पहाड़ी गांव में गुरुवार को सुबह महिला राजवती ने घर में रखी गेहूं में डालने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। उसका पति मुकेश लंबे समय से शराब का आदी है और घटना के दिन भी नशे में पत्नी से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर उसने राजवती से मारपीट की, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया।
परिजन उसे तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में उसे अलवर भेज दिया गया। इलाज के दौरान शाम को महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं। फिलहाल पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित