प्रयागराज , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र के फतुहा गांव में शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत एक युवक की तालाब में गिरने से मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात युवक शराब के नशे में तालाब के किनारे बैठा था, तभी अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में गिर गया।घटना के बाद कई घंटों तक शव का कोई पता नहीं चल सका। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तालाब गहरा होने के कारण कोई भी अंदर उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय आपदा माेचक बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब ढाई घंटे तक तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शव का पता लगाने में असफल रही।
इसके बाद सराय इनायत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय गुप्ता ने स्वयं साहस दिखाते हुए तालाब में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के शव को बाहर निकाला। संजय गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में इंस्पेक्टर संजय गुप्ता के इस साहसिक कार्य की सराहना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित