पटना , मई 28 -- बिहार सरकार के मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता मदन सहनी ने गुरुवार को कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी।
श्री सहनी ने आज जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, और यह अभियान आगे और तेज किया जाएगा।
श्री सहनी ने कहा कि विपक्ष द्वारा शराबबंदी को लेकर दुष्प्रचार किया जाता है, जबकि विभिन्न सर्वेक्षणों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने आईपीएल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैभव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है और भविष्य में वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कहा कि विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया था, लेकिन न्यायालय द्वारा प्रक्रिया को वैध ठहराए जाने के बाद इस पर विराम लग गया है।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दोनों मंत्रियों ने संबंधित मामलों के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित