मुंबई , जुलाई 28 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने राकांपा के दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि ऐसी चर्चाओं से उनका 'कोई संबंध नहीं' है।
पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में राकांपा (शरदचंद्र पवार) और अजीत पवार वाली राकांपा के बीच फिर से समझौता होने की रिपोर्टों को लेकर बाजार गर्म था। इन अटकलों को तब और हवा मिली जब श्री शरद पवार ने पिछले सप्ताह संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद उनकी पार्टी के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की रिपोर्टें आने लगीं।
राकांपा के दोनों गुटों के नेताओं द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अलग-अलग बैठकें करने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई। साथ ही यह दावा भी किया जाने लगा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐसे किसी कदम के लिए शर्तें रखी हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए श्री पवार ने इन खबरों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि विलय की अटकलों का कोई आधार नहीं है। इसके साथ ही इस तरह चल रही राजनीतिक बहस पर भी उन्होंने प्रभावी रूप से विराम लगा दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित