मुंबई , नवंबर 08 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों धड़ों के संभावित विलय की अटकलें एकबार फिर तेज हो गई हैं। ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वरिष्ठ नेता और राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार के मुंबई स्थित आवास 'सिल्वर ओक' लौटने के साथ ही राजनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो गया है।

अजीत पवार धड़े के नेता पार्थ पवार के रविवार को सिल्वर ओक निवास पर लगातार दो बार दौरे किए जाने और शरद पवार खेमे के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे, अनिल देशमुख तथा जितेंद्र आव्हाड जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ लंबी चर्चा किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हो गई हैं।

राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल के अस्पताल जाकर शरद पवार से मिलने की चर्चा के ठीक बाद हुई इन क्रमिक बैठकों ने दोनों गुटों के बीच सुलह की अफवाहों को नया जीवन दे दिया है।

इस पुनर्मिलन की चर्चा को उस समय और बल मिला जब सत्तारूढ़ राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरेने हाल ही में दावा किया कि दिवंगत अजीत पवार के नेतृत्व में औपचारिक विलय की बातचीत पहले ही काफी आगे बढ़ चुकी थी और अगर अनहोनी न होती तो यह एकीकरण बहुत पहले ही हो चुका होता। इस बढ़ती चर्चा के बीच पार्टी नेतृत्व अभी भी सतर्क रुख अपनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित