मुरैना , फरवरी 09 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि प्राचीन शनि मंदिर का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य मंदिर की पारंपरिक पहचान और मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए ही किया जाना चाहिए। उन्होंने सोमवार को शनि मंदिर परिसर स्थित तहसील कक्ष में शनि मंदिर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।
इस अवसर पर श्री तोमर ने कंसलटेंसी संस्था और निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान शनि मंदिर के मास्टर प्लान, मंदिर के मूल स्वरूप के संरक्षण, परिक्रमा मार्ग, वृक्षारोपण, प्रवेश एवं निर्गम द्वार, आसपास के जिलों से आने वाले संपर्क मार्ग, शनि कुंड तथा परिक्रमा पथ से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शनि मंदिर का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य मंदिर की पारंपरिक पहचान और धार्मिक महत्व को बनाए रखते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि यह स्थल श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और इसे अपने ऐतिहासिक व धार्मिक स्वरूप में ही विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, समयबद्धता और धार्मिक भावनाओं का पूरा सम्मान रखते हुए संपन्न किए जाएं तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, समाजसेवी कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, दिल्ली स्थित कंसलटेंसी संस्था की ओर से श्रीमती तपस्या द्रोणा सहित निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित