जयपुर , अक्टूबर 30 -- इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (आईएससीसीएम) जयपुर की ओर से शनिवार को जयपुर क्रिटिकॉन 2026 का आयोजन किया जायेगा।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. मोहित के. रॉय ने बताया कि 'सेप्सिस स्टूवर्डशिप' थीम पर आधारित इस सम्मेलन में देश के प्रमुख विशेषज्ञ कोलकाता से डॉ. सुभाष के. टोडी, नयी दिल्ली से डॉ. राजेश पांडे, डॉ. अनिर्बान होम चौधरी और डॉ. कपिल देव सोनी तथा गुरुग्राम से डॉ. नेहा गुप्ता शामिल होंगे। इनके अतिरिक्त राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा 40 से अधिक व्याख्यान दिए जाएंगे, जिनमें क्रिटिकल केयर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, नवीन उपचार पद्धतियों और व्यावहारिक अनुभवों को साझा किया जाएगा।

डॉ रॉय ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य चिकित्सकों को एक साझा मंच पर लाकर गहन चिकित्सा की चुनौतियों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और बेहतर मरीज प्रबंधन पर सार्थक संवाद करना है। वैज्ञानिक सत्रों में सेप्सिस एवं सेप्टिक शॉक की समय पर पहचान, उचित उपचार, एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग और आईसीयू में मरीजों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ व्याख्यानों, केस आधारित चर्चाओं और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से चिकित्सकों को नवीन जानकारियों से लाभान्वित होने का अवसर मिलेगा। युवा चिकित्सकों और प्रशिक्षणरत विशेषज्ञों के लिए पेपर एवं ई-पोस्टर प्रस्तुतियां तथा क्विज भी शैक्षणिक गतिविधियों का हिस्सा होंगे। यह आयोजन क्रिटिकल केयर सेवाओं की गुणवत्ता और गंभीर मरीजों की बेहतर देखभाल की दिशा में ज्ञान एवं अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित