वाराणसी , फरवरी 25 -- ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के मुद्दे पर अब कांग्रेस भी खुलकर समर्थन में उतर आई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर बुधवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों को सौंपा गया। इसी क्रम में वाराणसी महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता शंकराचार्य के समर्थन में पोस्टर लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे और एडीएम (प्रोटोकॉल) को ज्ञापन सौंपा।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि मांग किया गया है कि इस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने वाले व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जांच अत्यंत पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्यवाही हो। साथ ही, शंकराचार्य पर लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सत्य सामने आ सके और सनातन धर्म की मर्यादा सुरक्षित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर पुलिस द्वारा शंकराचार्य और उनके शिष्यों को अपमानित करते हुए स्नान करने से रोका गया, जो कि घोर निंदनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि बटुकों (शिष्यों) की चोटी खींचकर उन्हें प्रताड़ित और अपमानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित