आगरा , जनवरी 25 -- आगरा जिले में आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने रविवार को जीआईसी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आज़ाद ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भले ही शंकराचार्य से उनके वैचारिक मतभेद हों, लेकिन उनके साथ जो हुआ वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि शंकराचार्य के साथ मौजूद बटुकों की चुटिया खींचकर मारपीट की गई, जो निंदनीय है। चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि इस मामले में सरकार ने गलत किया है और उसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

यूजीसी के नए नियमों को लेकर भी सांसद ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यदि दबाव में नियम वापस नहीं लिए गए तो पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा, "हम अपने बच्चों को हायर एजुकेशन सेंटर में मरने नहीं देंगे। अब द्रोणाचार्य द्वारा एकलव्य का अंगूठा काटने वाली परंपरा नहीं चलेगी, यह अन्याय बहुत दिनों तक चला है।"चंद्रशेखर आज़ाद ने साफ किया कि आज़ाद समाज पार्टी शिक्षा, सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित