लखनऊ , जनवरी 23 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जगतगुरु शंकराचार्य के अपमान की घटना से पूरे देश का सनातनी समाज दुखी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की आस्था सनातन परंपरा से जुड़ी है, उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है और यह विषय अब केवल एक घटना नहीं रह गया, बल्कि आस्था पर चोट का मामला बन गया है।
शुक्रवार को अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के नशे में भाजपा और उसके सहयोगी हर संस्था और हर परंपरा पर नियंत्रण की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस संस्कृति की जड़ें हजारों वर्षों पुरानी हैं, उससे भी आज प्रमाण मांगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि "कागज से भी पहले की परंपरा" को चुनौती देना भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रयागराज में संतों-साधुओं के कथित अपमान से लेकर काशी में अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी धरोहर के साथ की गई कार्रवाई तक, घटनाओं की एक श्रृंखला सामने आई है। उन्होंने दावा किया कि यह सब सनातनी परंपरा को कमजोर करने और जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाने की रणनीति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित