रायबरेली , जुलाई 11 -- ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का दो दिवसीय रायबरेली दौरा शनिवार से शुरू हो गया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के सेमरी चौराहे पर श्रद्धालुओं ने उन्हें विशाल पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इं. वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने भी शंकराचार्य का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया। शनिवार सुबह से ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शंकराचार्य के दर्शन और आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। उनके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने सेमरी चौराहा (हरचंदपुर), सरेनी (लालगंज विधानसभा क्षेत्र), डलमऊ, गदागंज, ऊंचाहार और जगतपुर समेत विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया तथा श्रद्धालुओं को दर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया।

शंकराचार्य के भक्त यश पांडेय ने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार रात्रि उनके निजी आवास पर रात्रिभोज ग्रहण करेंगे। कार्यक्रमों के उपरांत उनका रात्रि विश्राम भी रायबरेली में ही प्रस्तावित है। दौरे के दूसरे दिन 12 जुलाई को प्रातः आठ बजे शंकराचार्य शिवगढ़ के भवानीगढ़ चौराहे पर पहुंचेंगे, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनके स्वागत और दर्शन की व्यापक तैयारियां की हैं। इसके बाद वह विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में संतों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित