रायपुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में व्हाट्सऐप पर आई एक एपीके फाइल के ऑटो डाउनलोड होने के बाद कारोबारी के खाते से चार लाख 15 हजार 529 रुपये से अधिक की रकम निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार लाभांडी स्थित रहेजा रेजीडेंसी निवासी कारोबारी तनुज अग्रवाल (35) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक 12 सितंबर को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर एक एपीके फाइल आई थी। मोबाइल में व्हाट्सऐप का ऑटो डाउनलोड फीचर चालू होने के कारण फाइल अपने आप डाउनलोड हो गई। इसके बाद उनके बैंकिंग माध्यमों से रकम निकलने लगी।

कारोबारी का मोबाइल नंबर बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड और यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से लिंक था। शिकायत के अनुसार बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड से 69,998.97 रुपये निकाल लिए गए, जबकि यूनियन बैंक के करंट अकाउंट से यूपीआई के माध्यम से 3,45,530.95 रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह दोनों बैंकिंग माध्यमों से कुल 4,15,529.92 रुपये की रकम निकाली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित