वाराणसी , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम द्वारा गंगा तटीय 25 वार्डों में शुरू किए गए स्मार्ट व्हाट्सएप चैटबॉट पायलट प्रोजेक्ट ने दूसरे दिन भी प्रभावी प्रदर्शन किया। बुधवार को नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्राप्त सभी 13 शिकायतों का निर्धारित चार घंटे की समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।
नगर निगम के अनुसार, व्हाट्सएप चैटबॉट (8601872601) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग और वार्ड के अभियंताओं को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के उद्देश्य से संचालित इस प्रणाली के तहत जलकल विभाग से संबंधित आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रहलाद घाट, बलुआबीर, गोलादीनानाथ, बिंदु माधव, शिवाला और ईश्वरगंगी वार्डों में सीवर ओवरफ्लो, गंदे पानी के बहाव तथा पेयजल पाइपलाइन में रिसाव की शिकायतें दर्ज की गईं। जलकल विभाग के अवर अभियंता मंगल देव वर्मा, गौरव मिश्रा और दीपक कुमार की टीमों ने मौके पर पहुंचकर एक से तीन घंटे के भीतर सीवर जाम हटाने और पाइपलाइन का रिसाव ठीक करने का कार्य पूरा किया।
उन्होंने बताया कि निर्माण विभाग से संबंधित चार शिकायतें सिगरा और प्रहलाद घाट वार्डों से प्राप्त हुईं। खुले नालों के कारण संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल बैरिकेडिंग कराई गई। वहीं सिगरा वार्ड में जलभराव की समस्या का समाधान अधिशासी अभियंता नागेंद्र कुमार और ज्ञान चंद्र मौर्य की देखरेख में कराया गया।
श्री मिश्र ने बताया कि प्रकाश विभाग से बंगाली टोला (वार्ड संख्या 91) में स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतरने की एक अति संवेदनशील शिकायत सुबह 11:59 बजे प्राप्त हुई। विभाग के अभियंता हरीश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर 1:11 बजे, लगभग एक घंटा 12 मिनट में फॉल्ट दूर कर दिया, जिससे संभावित हादसा टल गया।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट चैटबॉट के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निस्तारण से नागरिकों का भरोसा बढ़ा है और नगर निगम की डिजिटल सेवा प्रणाली को भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित