चंडीगढ़ , सितंबर 05 -- चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर्स यूनियन के अध्यक्ष अमनदीप सिंह ने केंद्र सरकार, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली सरकारों, चंडीगढ़ प्रशासन तथा संबंधित परिवहन विभागों से मांग की है कि प्राइवेट व्हाइट-प्लेट/नॉन-कमर्शियल बाइक और कारों को कमर्शियल पैसेंजर सर्विस के रूप में चलाने की अनुमति न दी जाए।

अमनदीप सिंह ने कहा कि कमर्शियल टैक्सी और ऑटो चालक वर्षों से कमर्शियल टैक्स, स्टेट टैक्स, परमिट, फिटनेस, कमर्शियल इंश्योरेंस, पैनिक बटन, जीपीएस समेत कई अनिवार्य खर्च वहन कर रहे हैं। ऐसे में प्राइवेट वाहनों को बिना समान कमर्शियल नियमों के यात्रियों को ढोने की अनुमति देना मौजूदा कमर्शियल ड्राइवरों के साथ अन्याय होगा।

उन्होंने कहा कि यदि प्राइवेट वाहनों को कमर्शियल कार्य की अनुमति दी जाती है तो कमर्शियल वाहन मालिकों से वर्षों से लिए गए अतिरिक्त टैक्स, फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस और अन्य शुल्क का उचित ब्याज सहित हिसाब सरकार को देना चाहिए या कमर्शियल वाहनों को भी समान छूट और अधिकार दिए जाने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित