बारां , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में बारां के कैट विमेन विंग की ओर से आयोजित दो दिवसीय फैशन एवं जीवनशैली प्रदर्शनी व्योमिका-3 के दूसरे दिन सोमवार को 'नारी अभिनंदन' समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में नगर परिषद सभापति शीतल राठौर के मुख्य आतिथ्य में बारां, छबड़ा और छीपाबड़ौद की 85 से अधिकमहिलाओं को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों, सामाजिक योगदान और उद्यमिता के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शीतल राठौर सहित विशिष्ट अतिथियों नीलम विजय, रश्मि सोनी, मनस्वी मेकओवर, वैशाली अदलखा, सुमन ड्रोलिया, चारु गुप्ता का स्वागत किया गया। संस्था की संस्थापिका सुमन गोयल ने स्वागत उद्बोधन में आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि शीतल राठौर ने महिलाओं की प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
समारोह का मुख्य आकर्षण 'नारी अभिनंदन अवार्ड' रहा। इसकी शुरुआत कैट की संस्थापक सदस्य ललिता टोंग्या और अनीता सेठी के सम्मान से हुई। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 85 से अधिक महिलाओं को तिलक लगाकर, उपहार भेंट करके सम्मानित किया गया। छबड़ा की अनामिका जैन के नेतृत्व में कैट विमेन विंग की आठ सदस्यीय टीम को भी सम्मान प्रदान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित